लाइव सिटीज, भोजपुर: भोजपुर जिले के उदवंतनगर प्रखंड स्थित मसाढ़ गांव में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने समेकित एक्वा पार्क निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया. इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने शाहाबाद क्षेत्र को शिक्षा का बड़ा केंद्र बनाने का संकल्प दोहराया. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और मॉडल स्कूल स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम लोगों के बच्चे एक ही सरकारी विद्यालय में पढ़ेंगे, तभी शिक्षा व्यवस्था का वास्तविक विकास माना जाएगा. उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए व्यापक योजनाओं पर काम किए जाने की बात कही.
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था पर भी अपनी सरकार का रुख स्पष्ट किया. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है. पुलिस को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे और किसी भी कीमत पर अपराध को संरक्षण नहीं दिया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत 32 एकड़ क्षेत्र में 31.20 करोड़ रुपये की लागत से समेकित एक्वा पार्क का निर्माण कराया जाएगा. परियोजना में कार्प हैचरी, आरएएस फिश फीड मिल, जल गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला, मत्स्य स्वास्थ्य जांच प्रयोगशाला और प्रशासनिक भवन सहित 17 आधुनिक अवयव विकसित किए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि यह परियोजना राष्ट्रीय स्तर की होगी और इसके माध्यम से मत्स्य उत्पादन, जलकृषि पर्यटन तथा स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा. इससे क्षेत्र के लोगों की आय बढ़ेगी और बिहार मत्स्य क्षेत्र में और मजबूत होगा.
