HomeBiharसहरसा में मिड डे मील खाने के बाद कई छात्र बीमार, स्कूल...

सहरसा में मिड डे मील खाने के बाद कई छात्र बीमार, स्कूल में मचा हड़कंप

लाइव सिटीज, सहरसा: बिहार के सहरसा से बड़ी खबर सामने आई है. महिषी प्रखंड के मध्य विद्यालय बलुआहा में मध्याह्न भोजन खाने के बाद कई दर्जन छात्र अचानक बीमार पड़ गए. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि खाना खाने के कुछ देर बाद ही बच्चों को पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने की शिकायत होने लगी. कई बच्चे स्कूल में ही रोने और बेचैन होने लगे. इसके बाद शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

बीमार छात्रों को महिषी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और मॉडर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों की टीम बच्चों का इलाज और स्वास्थ्य जांच कर रही है. राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और शिक्षा विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची. अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है.

वहीं बच्चों के परिजनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में दिए गए मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब थी, जिसकी वजह से बच्चे बीमार हुए. प्रशासन ने भोजन के नमूने को जांच के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments