लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद सीट पर हो रहे उपचुनाव में मंगलवार को मतदान के बीच हंगामा हो गया. आरा सदर प्रखंड कार्यालय में मतदान केंद्र पर महागठबंधन समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया. राजद प्रत्याशी सोन कुमार राय के समर्थकों ने दंडाधिकारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया
उनका कहना कि एक राजनीतिक दल का कार्यालय मतदान केंद्र से महज 10 मीटर की दूरी पर चल रहा है, जिससे चुनाव प्रभावित हो रहा है. विरोध कर रहे समर्थकों का कहना था कि चुनाव आयोग के नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है. इसे लेकर कुछ देर के लिए मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को काबू कर लिया. सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई.
बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चलेगा. भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. दोनों जिलों को मिलाकर कुल 25 केंद्रों पर वोटिंग हो रही है. इस चुनाव में करीब 6084 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र के इस चुनाव में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि मतदाता हैं.
