लाइव सिटीज, पटना: 15 अक्टूबर को पूरे देश से मानसून वापस लौट चुका है, जिससे बिहार के मौसम में भी बदलाव आ गया है।मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और सूखा रहेगा। आसमान में बादल आते-जाते रहेंगे और दिन में धूप खिली रहेगी।
पछुआ हवा चलने के कारण अब सुबह और रात के समय हल्की ठंड लगने लगी है, जबकि दिन की धूप से थोड़ी गर्मी महसूस होती है।बारिश को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में हल्की बारिश हो सकती है।इसके अलावा, 17 और 18 अक्टूबर को उत्तरी बिहार के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले 24 घंटों में अधवारा में 37.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
गुरुवार को मौसम सूखा ही रहा, लेकिन पटना समेत 14 जिलों के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले पांच दिनों तक मौसम और तापमान में कोई बड़ा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है।
