लाइव सिटीज, पटना: पटना में कारोबारी अंजनी कुमार हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सौरभ कुमार के साथ बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान सौरभ के पैर में गोली लगी, जबकि महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी भी घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में रविवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कल्याण बीघा रोड पर हुई इस मुठभेड़ में अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घायल की पहचान सौरभ सिंह (28), निवासी पत्रकार नगर, कंकड़बाग, पटना के रूप में बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याण बीघा रोड पर कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी ने आरोपी पर गोली चलाई। मुठभेड़ में सौरभ कुमार के पैर में गोली लगी। वहीं, महिला सब-इंस्पेक्टर पूजा कुमारी भी घायल हो गईं। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 2 मैगजीन, 14 गोलियां और 2 हथियार बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी बताए जा रहे सौरभ कुमार का नाम सामने आया है। वह लखीसराय का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सौरभ की उम्र करीब 28 वर्ष बताई गई है।
