लाइव सिटीज , पटना: पटना में सुबह-सुबह धायं-धायं हो गई. यहां 14 अक्टूबर की सुबह पुलिस और बदमाश में मुठभेड़ हो गई. फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन पर पटना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कुख्यात अपराधी शुभम उर्फ झामो को गोली मार दी. गोली उसके पैर में लगी है. घायल अपराधी को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया. जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही शुभम ने गोली चला दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया.
जानकारी के मुताबिक, पुलिस और एसटीएफ की टीम फतुहा थाना क्षेत्र के फोरलेन पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी. इसी दौरान कुख्यात अपराधी शुभम उर्फ झामो ने पुलिस टीम को देखते ही गोली चला दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान शुभम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया.
घायल अपराधी की पहचान शुभम कुमार उर्फ झामो के रूप में हुई. वह पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र स्थित गुड़ की मंडी मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है. गोली उसके पैर में लगी है. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
