लाइव सिटीज, वैशाली: बिहार में वैशाली जिले के राघोपुर में मंगलवार बड़ा हादसा हो गया, जहां नाव पलटने से 13 बच्चों की पानी में डूब मौत हो गई। घटना के बाद कोहराम मच गया।इस बीच वैशाली की DM वर्षा सिंह को देखते ही मृतकों के परिजन उनसे लिपटकर जोर-जोर से रोने लगे। परिजनों का दर्द देखकर DM वर्षा सिंह भी भावुक हो गईं।
नाव हादसे के बाद अब प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एक तरफ हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के घरों में मातम पसरा है, तो दूसरी तरफ जिला प्रशासन ने घटना की जिम्मेदारी तय करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने राघोपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार और अंचल अधिकारी दीपक कुमार से शो-कॉज किया है।
डीएम की इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में भी हलचल तेज हो गई है। दोनों अधिकारियों से मुख्य तौर पर यह जवाब मांगा गया है कि आखिर रात के समय निजी नाव के परिचालन की अनुमति कैसे मिली और इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर क्या निगरानी की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हुई है, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद से राघोपुर के संबंधित गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन घरों में कुछ घंटे पहले तक भोज और पारिवारिक आयोजन की तैयारी थी, वहां अब अपनों को खोने का गम है।
