लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में रविवार सुबह लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू के आवास पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस टीम कोर्ट से जारी सर्च वारंट लेकर विधायक के घर पहुंची और परिसर में तलाशी ली।
यह कार्रवाई जमीन विवाद और तोड़फोड़ से जुड़े एक मामले में की गई है। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले जमीन के एक हिस्से की बाउंड्री तोड़े जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
शिकायत में विधायक अमित कुमार रानू के भाई पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि कुछ लोगों के साथ मिलकर जमीन पर पहुंचकर बाउंड्री तोड़ी गई। घटना के दौरान लोजपा (रामविलास) का झंडा लगी गाड़ी के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए न्यायालय से सर्च वारंट लिया और इसके बाद विधायक के आवास पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान पुलिस दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और पूरे मामले में आगे की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
