लाइव सिटीज, पटना : दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले कई प्रदर्शनकारियों और सोशल मीडिया से जुड़े चर्चित चेहरों को हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई को लेकर बिहार की राजनीति में भी प्रतिक्रिया देखने को मिली। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने युवाओं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा।
रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “कितने युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स को सलाखों में डालोगे? क्रांति की उठती इस लहर को कब तक रोक पाओगे?” उनके इस बयान के जरिए उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर की। उनका संदेश युवाओं की आवाज और विरोध-प्रदर्शन को रोकने की कोशिशों पर सवाल उठाने वाला था।
रोहिणी आचार्य इतने पर ही नहीं रुकीं. उन्होंने ताबड़तोड़ चार एक्स पर पोस्ट शेयर किए. एक और पोस्ट में रोहिणी आचार्य ने लिखा, ‘सच बोलने वाली आवाज को जब-जब तुम दबाओगे देश के हर कोने में तुम कई ध्रुव राठी और सौरभ पाओगे’. इस तरह से रोहिणी आचार्य ने पुलिस की कार्रवाई पर जमकर भड़ास निकाला।साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला भी बोला।
रोहिणी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘बेबाकी से सच बोलने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी, कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका और अन्य युवा आंदोलनकारियों-प्रदर्शनकारियों की मोदी-शाह के इशारे पर की गई गिरफ्तारी और दिल्ली प्रवेश पर पाबंदी मोदी सरकार की बढ़ती तानाशाही का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
