HomeBiharरसोई में गंदगी, एक्सपायरी मीट... पटना के बड़े होटलों में ग्राहकों की...

रसोई में गंदगी, एक्सपायरी मीट… पटना के बड़े होटलों में ग्राहकों की हेल्थ से खिलवाड़, प्रशासन ने लिया एक्शन

लाइव सिटीज, पटना: राजधानी के बड़े होटलों में खाना खाने वाले ग्राहकों के लिए खाद्य सुरक्षा से जुड़ी चिंताजनक खबर सामने आई है। बाहर से आलीशान दिखने वाले होटलों की रसोई और खाद्य सामग्री के भंडारण की जांच में कई खामियां उजागर हुई हैं। खाद्य संरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को पांच प्रमुख होटलों में औचक छापेमारी की। इस दौरान खराब या इस्तेमाल के योग्य नहीं पाई गई खाद्य सामग्री को नष्ट कराया गया, जबकि कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।

यह कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग के सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर की गई। जांच के दायरे में द पनाश होटल, होटल गार्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्र एक्सोटिका, होटल मौर्या और लेमन ट्री होटल शामिल थे। अधिकारियों ने रसोई की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण की व्यवस्था और कर्मचारियों की स्वच्छता से जुड़े मानकों की पड़ताल की।

पनाश होटल में 10 किलो मटन-चिकन नष्ट

जांच के दौरान द पनाश होटल के फ्रीजर में पॉलिथीन में रखा लगभग 10 किलोग्राम मटन और चिकन मिला। इस पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। अधिकारियों ने इसे खाने के लिए अनुपयुक्त माना और नष्ट करा दिया। इसके अलावा बिना तारीख वाले ब्रेड के छह पैकेट भी नष्ट किए गए। इन खाद्य पदार्थों की कुल कीमत लगभग 6,250 रुपये बताई गई

पाटलिपुत्र एक्सोटिका में एक्सपायरी सामग्री मिली

पाटलिपुत्र एक्सोटिका की जांच में कई खाद्य उत्पाद तय अवधि समाप्त होने के बाद भी रखे मिले। इनमें छह किलोग्राम राज मिल्क, आठ किलोग्राम बेकरी मिक्स, 1.5 किलोग्राम हाइड्रो और 100 ग्राम जीरा सीजनिंग शामिल थे। अधिकारियों ने इन सामग्रियों को नष्ट कराया।होटल की रसोई में साफ-सफाई और भंडारण से जुड़ी कमियां भी मिलीं। वेंटिलेटर क्षतिग्रस्त होने के कारण कबूतरों के अंदर आने की स्थिति पाई गई। इससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का खतरा पैदा हो सकता था।

गार्गी ग्रैंड में वेज-नॉनवेज एक साथ रखा मिला

होटल गार्गी ग्रैंड में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए। खाद्य सामग्री को पहले इस्तेमाल करने और उसकी अवधि के हिसाब से व्यवस्थित रखने के नियमों का भी सही तरीके से पालन नहीं हो रहा था। अधिकारियों ने पनीर और अरहर दाल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। होटल को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments