लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। कभी गर्मी तो कभी बारिश के बाद वाली हल्की ठंड से लोग भी परेशान हैं। बड़ी बात ये है कि बारिश अपने साथ तूफान भी ला रही है, जिससे जान-माल तक का नुकसान हो रहा है। हाल ही में आए आंधी तूफान ने राजधानी पटना को भी नहीं बख्शा था। अब एक बार फिर से 16 और 20 मई 2026 के लिए पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 16 मई को बिहार के पूर्णिया, अररिया, सुपौल, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा और कटिहार में आंधी-बारिश और बिजली का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों के अनेक भागों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। वहीं 20 मई को पूर्णिया, अररिया, सुपौल, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन इन जिलों के अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है
बिहार में फिर से बारिश का अलर्ट
- 16 मई 2026: बिहार के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य एवं दक्षिण-पश्चिम भाग के जिलों में मेघ गर्जन/ वज्रपात के साथ तेज हवा (गति 50-60 किमी प्रति घंटा) के चलने की आशंका है।
- 20 मई 2026: बिहार के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और पूर्वी भाग के जिलों में मेघ गर्जन/ वज्रपात के साथ तेज हवा (गति 50-60 किमी प्रति घंटा) चलने की आशंका है।
- अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है ।
- अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के अनेक भागों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है ।
