लाइव सिटीज, पटना: पटना की बांकीपुर विधासभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज सोमवार (6, जुलाई) से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार आज से 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन को देखते हुए जिला-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसके साथ ही पूरे कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की पूरी प्रक्रिया पटना कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय की दूसरी मंजिल पर स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) के कोर्ट रूम में की जाएगी। सभी उम्मीदवार तय तिथि के अंदर सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई को उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
नामांकन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में BNSS की धारा 163 लागू कर दी है। नामांकन के दौरान किसी भी उम्मीदवार के साथ अधिक से अधिक केवल 5 लोगों को ही नामांकन कक्ष में प्रवेश करने की अनुमति मिलेगी। यदि किसी उम्मीदवार के साथ सरकारी या निजी सुरक्षा कर्मी (बॉडीगार्ड) मौजूद हैं, तो उन्हें नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।
