लाइव सिटीज, पटना:बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की।इस दौरान दोनों नेताओं ने बिहार में हेल्थकेयर सेक्टर को विस्तार देने पर चर्चा की।दोनों नेताओं के बीच बिहार में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं, ट्रॉमा सेंटर के विस्तार और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बिहार में ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के विस्तार समेत स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
निशांत कुमार ने कहा कि ‘स्वस्थ बिहार’ के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। अस्पतालों में सुविधाओं को बेहतर करने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को बिहार में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं और विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।
