लाइव सिटीज, मोतिहारी: मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो लोगों की जान चली गई। पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में भैंस नहलाने के दौरान पानी गिरने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और चाकूबाजी शुरू हो गई। इस घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
मृतकों की पहचान जमी अख्तर (36) और मदीना खातून (40) के रूप में हुई है। वहीं, हमले में घायल मसीह अख्तर का इलाज पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा है। उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
भैंस नहलाने के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि जिहुली गांव में भैंस को नहलाने के दौरान पानी आसपास गिर गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। पहले कहासुनी हुई और बाद में मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया।घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जमी अख्तर और मदीना खातून को मृत घोषित कर दिया। मसीह अख्तर की हालत गंभीर होने के कारण उनका उपचार जारी है।
10 साल के बच्चे के सामने हुई वारदात
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि वारदात के दौरान 10 साल का एक बच्चा मौके पर मौजूद था। उसके सामने ही उसकी मां और चाचा पर हमला किया गया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस वारदात को लेकर तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद पताही थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद की शुरुआत से लेकर चाकूबाजी तक की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और हमले में कौन-कौन लोग शामिल थे। घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
