लाइव सिटीज, पटना: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार, 23 सितंबर 2026 को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए हरीश द्विवेदी को बिहार भाजपा का नया प्रभारी नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से विभिन्न राज्यों के प्रभारी और सह-प्रभारियों की नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। हरीश द्विवेदी बिहार में विनोद तावड़े की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
संगीता यादव और रोहन गुप्ता सह प्रभारी
बिहार के लिए सिर्फ प्रभारी ही नहीं, बल्कि दो सह-प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सांसद संगीता यादव और रोहन गुप्ता को बिहार भाजपा का सह प्रभारी बनाया गया है। रोहन गुप्ता हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। नई टीम के जरिए बिहार में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।
कौन हैं हरीश द्विवेदी?
हरीश द्विवेदी उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से आते हैं और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वह बस्ती लोकसभा सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं। छात्र राजनीति के दौर से ही भाजपा से जुड़े द्विवेदी ने संगठन में कई जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भी जुड़े रहे और बाद में भाजपा युवा मोर्चा तथा प्रदेश संगठन में विभिन्न पदों पर काम किया
देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभार
बिहार भाजपा से जुड़े नेताओं को भी संगठन में नई जिम्मेदारियां मिली हैं। पूर्व भाजपा एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। देवेश कुमार ने हाल ही में बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनके एमएलसी पद छोड़ने के बाद दीपक प्रकाश को बिहार से विधान परिषद भेजे जाने की जानकारी सामने आई थी। अब पार्टी ने देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है।
मंगल पांडे को असम की जिम्मेदारी
बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडे को असम का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं बिहार की विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है। इस तरह भाजपा ने बिहार के कई नेताओं को दूसरे राज्यों में भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी हैं।
