लाइव सिटीज, मधुबनी: बिहार में रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर दिया। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली तीन महिलाएं तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के धकजरी-बेनीपट्टी रोड पर हुई
वहीं, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सुबह के समय तीनों महिलाएं सड़क किनारे टहल रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गति से आई स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सुबह के वक्त सड़क पर पैदल चलने वालों की संख्या रहती है, ऐसे में वाहनों की तेज रफ्तार गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही वाहन और उसके चालक से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम का माहौल है।
