लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता खत्म होगी या नहीं? अभी विधान परिषद के कार्यकारी सभापति ने इसपर अपना कोई भी फैसला नहीं दिया है। लेकिन दोनों ही विधायकों पर विपक्षी पार्टियां काफी हमलावर हैं।
अब जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया है। प्रशांत किशोर ने कहा है कि बंशीधर और राहुल राज की सदस्यता खत्म होने से कोई नहीं बचा सकता। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि बीजेपी की सरकार भी दोनों को नहीं बचा सकती है।
प्रशांत किशोर ने कहा, ‘एमएलसी चुनाव में जिन निर्दलीय पार्षदों ने जीत हासिल करने के बाद भाजपा ज्वायन किया है उनकी सदस्यता जानी तय है। उसको कोई नहीं बच सकता है। चाहे भाजपा की सरकार यहां हो और ये बताया जा रहा है कि सत्ता में वो हैं तो उनको बचा ले जाएंगे तो ऐसी बात नहीं है। आपने जो गलती की है औऱ गैर संवैधानिक काम किया है उसपर कार्रवाई होगी ही होगी।’
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि विधान परिषद के उप सभापति को पहले ही जन सुराज ने याचिका दल के तौर पर दिया है। इसके अलावा सारण शिक्षक क्षेत्र से हमारी पार्टी के जो प्रत्याशी थे अफाक अहमद औऱ तिरहुत स्नातक के प्रत्याशी विमोहन जी भी विधान परिषद के उप सभापति को प्रत्याशी के तौर पर भी अपना याचिका देंगे।
पीके ने कहा कि हमें विश्वास है कि उप सभापति योग्य औऱ विद्वान व्यक्ति हैं और वो न्याय करेंगे। जो संवैधानिक अवहेलना हुई है उसपर कार्रवाई करेंगे। अगर नहीं हुआ तो हमलोग कोर्ट भी जाएंगे लेकिन हर हालत में सदस्यता जानी ही है। पीके ने आगे यह भी कहा कि पहले विधान परिषद के उप सभापति के फैसले को आने दीजिए, अगर वो निर्णय संविधान के मुताबिक नहीं होगा तो उसपर हम न्यायालय जाएंगे।
