लाइव सिटीज, पटना: जिले के बेहरावां चकिया गांव में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर लगातार दूसरे दिन हमला किया गया। रविवार को छापेमारी के दौरान शराब तस्करों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, पिपरा थाना की पुलिस शराब तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बेहरावां चकिया गांव पहुंची थी। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। आरोप है कि हमलावरों ने पुलिस की छह गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पुलिस ने घर से कट्टा और कारतूस बरामद किए
छापेमारी और कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रवि मांझी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को एक देशी कट्टा और तीन कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। इसके अलावा मामले में बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक करीब 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई के दौरान कुछ आरोपित पुलिस से बचने के लिए पुनपुन नदी की ओर भाग गए। बताया जा रहा है कि कई आरोपित नदी में कूदकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और पूरे इलाके में अभियान चलाया जा रहा है।
दो दिन पहले भी पुलिस टीम पर हुआ था हमला
बेहरावां चकिया गांव में पुलिस पर यह हमला लगातार दूसरे दिन हुआ है। इससे पहले भी शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम को हमले का सामना करना पड़ा था। लगातार हो रहे विरोध और हमले को देखते हुए पुलिस ने इलाके में शराब तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है।
शराब के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई जारी
मसौढ़ी डीएसपी-1 राघव दयाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले पुलिस टीम पर हुए हमले के बाद बेहरावां चकिया में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीम दोबारा गांव में कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य इलाके में शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है। पुलिस ने घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार आरोपितों की तलाश भी की जा रही है।
