लाइव सिटीज, भागलपुर: भागलपुर में गंगा नदी के बीच एक स्टीमर का इंजन अचानक बंद हो गया। नवगछिया के जाह्नवी चौक घाट से भागलपुर के बियाडा फेरी घाट की ओर जा रहे इस स्टीमर में करीब 50 यात्री सवार थे। इंजन खराब होने के बाद स्टीमर तेज बहाव में बहकर सबौर के इंग्लिश गांव के आसपास पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम सक्रिय हुई और यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
खुलने के कुछ ही देर बाद बंद हो गया इंजन
SDRF इंस्पेक्टर कुमार नीलू के मुताबिक, स्टीमर जाह्नवी चौक घाट से रवाना होने के करीब 300 मीटर बाद ही खराब हो गया था। इंजन बंद होने के कारण स्टीमर गंगा की तेज धारा में आगे बढ़ने के बजाय बहने लगा और सबौर की तरफ इंग्लिश गांव के करीब पहुंच गया। स्टीमर के चालक दल ने तत्काल बियाडा फेरी घाट स्थित जिला नियंत्रण कक्ष को इसकी जानकारी दी।
SDRF ने तुरंत संभाला मोर्चा
स्टीमर फंसने की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम मौके के लिए रवाना हुई। बियाडा घाट पर मौजूद बड़े जहाज एमवी स्वामी परमहंस को भी रेस्क्यू के लिए भेजा गया। बचाव दल ने खराब स्टीमर को बड़े जहाज से एंकर किया और धीरे-धीरे उसे बियाडा फेरी घाट की ओर लाया गया।
बचाव अभियान के दौरान चार मोटर बोट का भी इस्तेमाल किया गया। बच्चों और महिलाओं को मोटर बोट के जरिए सुरक्षित बियाडा घाट तक पहुंचाया गया। कुछ यात्रियों ने मोटर बोट से जाने के बजाय स्टीमर के साथ ही घाट तक पहुंचना पसंद किया।
विक्रमशिला सेतु बंद होने के बाद शुरू हुई है फेरी सेवा
दरअसल, विक्रमशिला सेतु पर यातायात बाधित होने के कारण भागलपुर और नवगछिया के बीच गंगा पार करने के लिए बियाडा और जाह्नवी चौक घाट के बीच फेरी सेवा शुरू की गई है। दोनों घाटों के बीच जलमार्ग की दूरी करीब चार किलोमीटर है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग रोजाना इन जलयानों से गंगा पार कर रहे हैं।
