लाइव सिटीज, छपरा: सारण जिले में जमीन विवाद को लेकर भाजपा नेता के भाई पर गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हमले में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीएमसीएच रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूचना पर मढ़ौरा डीएसपी सविंदर कुमार दास और अमनौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटना के समय बजरंग के साथ मौजूद जितेंद्र कुमार सोनी के 13 वर्षीय पुत्र शोभित राज से पूछताछ की।
परिजनों ने बताया कि बजरंग प्रसाद सोनी दुकान बंद कर अपने भतीजे शोभित के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रसूलपुर मध्य विद्यालय के पास देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। गोली गर्दन और पीठ में लगी है।गोलीबारी के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जमीन विवाद को लेकर हुए इस हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
