लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सोमवार देर शाम एक आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर की है. बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलर दीपक कुमार को उस समय निशाना बनाया, जब वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे. वारदात उनके घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई.
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार अपनी दुकान बंद कर नाती मोहित के साथ घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी. लोगों ने बताया कि दीपक को तीन गोली मारी गयी. लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. सूचना मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने में जुट गए. पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई है. जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है.
