लाइव सिटीज, पटना: बिहार में गर्मी की वजह से लोगों का हाल बेहाल हो रखा है. सुबह-सुबह ही तेज धूप खिल जा रही. दिन चढ़ने पर दोपहर 12 बजे के बाद लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा. मौसम विभाग की माने तो, पिछले 24 घंटे में राजधानी पटना का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा भी कई जिलों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचा. रोहतास के डेहरी में 43 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया.
पटना में तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की वजह से 5वीं तक की क्लास की टाइमिंग बदल दी गई है. जिले के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने आदेश जारी किया है. आदेश के मुताबिक, जिले में 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक 5वीं तक के क्लास, आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-स्कूल 12:30 तक ही चलेंगे. यह आदेश सरकारी और निजी दोनों स्कूलों के लिए जारी किया गया है. बच्चों के स्वास्थ्य पर गर्मी की वजह से कोई असर नहीं पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए स्कूल की टाइमिंग बदली गई.
मौसम विभाग की माने तो, बिहार में हीटवेव का असर दिखना शुरू हो गया है. आज बिहार के कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है. पटना में भी तेज धूप और लू का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने यह भी संभावना जताई है कि अगले 2 से 3 दिनों में कुछ जिलों के तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकते हैं.
