लाइव सिटीज, पटना: राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेढ़ना गांव के सैदपुर मोहल्ले में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां कथित तौर पर जहरीली शराब के सेवन से चार युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों की पहचान विकास, शशि, पंकज और रिशु के रूप में हुई है, जो एनटीपीसी (NTPC) में कार्यरत थे।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जिसके बाद बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा खुद पीड़ित परिजनों से मिलने बेढ़ना गांव पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। वहीं, मंत्री विजय कुमार सिन्हा बेढ़ना गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया और प्रशासनिक अधिकारियों से पूरी घटना का ब्योरा लिया। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवकों की मृत्यु जहरीली शराब के सेवन से हुई है।
उन्होंने ग्रामीणों की मांग और आशंका को देखते हुए सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है। यदि पोस्टमार्टम में जहरीली शराब की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। शराब के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त रविवार को गांव में एक साथ नॉनवेज पार्टी कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, मछली, रोटी और चावल के साथ युवकों ने कथित तौर पर शराब का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद चारों की हालत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए। स्थानीय लोग और परिजन उन्हें आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. श्रेया शेखर ने बताया कि चारों की स्थिति बेहद नाजुक थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही चारों युवकों ने दम तोड़ दिया।
