लाइव सिटीज, गोपालगंज: गोपालगंज के श्रीपुर थाना क्षेत्र के सवनही जगदीश गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के दौरान मजदूरों को बचाने के लिए टंकी के अंदर उतरे दो अन्य लोग भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, गांव में एक नए मकान के शौचालय के लिए बनाए गए सेप्टिक टैंक में पानी भरा हुआ था। टंकी की सेंट्रिंग खोलने के लिए मजदूर उसके अंदर उतरे थे। टंकी के भीतर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वे जहरीली गैस की चपेट में आने लगे और उनकी हालत बिगड़ गई।
मजदूरों के अंदर फंसने की जानकारी मिलने के बाद उन्हें बचाने के लिए कुछ अन्य लोग भी बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के टंकी में उतर गए। लेकिन अंदर जाते ही वे भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद टंकी के अंदर मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद श्रीपुर के साथ फुलवरिया और कुचायकोट थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस घटना के बाद मृत मजदूरों के परिवारों में कोहराम मच गया है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
