लाइव सिटीज, मोतिहारी: मोतिहारी से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने केसरिया नगर पंचायत से जुड़े बीजेपी नेता रजनीश कुमार पाठक उर्फ रिंकू पाठक और उनकी पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने दोनों से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है।
EOU की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर रिंकू पाठक और उनकी पत्नी किरण देवी के खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है। रिंकू पाठक वर्तमान में केसरिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर-7 के वार्ड पार्षद हैं, जबकि उनकी पत्नी किरण देवी केसरिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, रिंकू पाठक और उनकी पत्नी के खिलाफ ज्ञात आय के वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला है। प्रेस नोट में करीब 3 करोड़ 56 लाख 65 हजार 118 रुपये की ऐसी संपत्ति का उल्लेख किया गया है, जो ज्ञात आय से अधिक बताई गई है। EOU के मुताबिक यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 124.81 प्रतिशत अधिक है। इसी आधार पर आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 29/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
तलाशी अभियान को अंजाम देने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीमों को लगाया गया है। इन टीमों को विशेष टास्क फोर्स का सहयोग भी मिल रहा है। अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेज, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
EOU का कहना है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। यानी फिलहाल जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है और तलाशी पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि टीम के हाथ क्या-क्या महत्वपूर्ण दस्तावेज या अन्य सामग्री लगी है।
