लाइव सिटीज, पटना: बिहार में बढ़ते अपराध, पुलिस कार्रवाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सियासी हलचल तेज है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 19 अगस्त को लोकभवन मार्च का ऐलान किया है। उन्होंने इस मार्च में महागठबंधन के सहयोगी दलों, छात्रों और युवाओं को भी शामिल होने का आह्वान किया है। हालांकि, CPI(ML) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने साफ किया कि उन्हें आरजेडी के लोकभवन मार्च की जानकारी नहीं है।
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि अलग-अलग दलों के अलग-अलग कार्यक्रम होना स्वाभाविक है। उनके मुताबिक मुद्दे भले ही एक जैसे हों, लेकिन राजनीतिक दल अपने स्तर पर कार्यक्रम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराध, पुलिस की कार्रवाई, कथित फर्जी एनकाउंटर और युवाओं के अधिकार जैसे मुद्दों पर सभी लोग आवाज उठा रहे हैं।
भीड़ के विरोध और कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि लोगों के आक्रोश को भी समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अन्याय के खिलाफ विरोध और प्रतिवाद करने का अधिकार है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हर तरह के प्रतिवाद को सही नहीं माना जा सकता
तेजस्वी यादव के मार्च पर उन्होंने कहा कि अगर आरजेडी आंदोलन कर रही है तो उसका स्वागत होना चाहिए। कांग्रेस या कोई अन्य दल अलग से आंदोलन करता है तो उसका भी स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुद्दे समान हैं और बिहार में न्याय की आवाज और आंदोलन आगे बढ़ना चाहिए।
