HomeBiharबिहार के सरकारी अस्पतालों में लगेंगे कैमरे, डॉक्टरों पर सख्त होगी निगरानी-...

बिहार के सरकारी अस्पतालों में लगेंगे कैमरे, डॉक्टरों पर सख्त होगी निगरानी- स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार

लाइव सिटीज, पटना: पीएमसीएच में लापरवाही मिलने पर प्रभारी प्राचार्य को हटाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बिहार के सभी सरकारी अस्पतालों में जवाबदेही तय करने के लिए बड़ा फैसला लिया है. इस फैसले के तहत अब पूरे बिहार की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल निगरानी की जद में लाने की तैयारी की जा रही है.

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि राज्य के करीब 15 हजार स्वास्थ्य संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और डॉक्टरों की उपस्थिति से लेकर उनके कामकाज तक की मॉनिटरिंग की जाएगी. मंत्री ने यह भी कहा है कि वह खुद इस व्यवस्था पर नजर रखेंगे. इतना ही नहीं, इसके लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर भी विकसित किया जा रहा है, जिससे डॉक्टर अस्पताल में आने से लेकर जाने तक क्या काम कर रहे हैं, इसका पूरा रिकॉर्ड तैयार होगा.

निशांत कुमार ने कहा कि बिहार के सभी सरकारी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का उद्देश्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और अस्पतालों में जवाबदेही बढ़ाना है. उन्होंने कहा कि राज्य में डॉक्टरों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की अनुपस्थिति लंबे समय से बड़ी समस्या रही है. नई व्यवस्था के बाद अस्पतालों में उनकी मौजूदगी और कार्यप्रणाली पर लगातार नजर रखी जा सकेगी. उन्होंने कहा कि ऐसा सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है, जिससे यह पता चल सकेगा कि कोई डॉक्टर अस्पताल में किस समय आया, कितनी देर तक मौजूद रहा और उस दौरान उसने ओपीडी, आईपीडी, सर्जरी या अन्य कौन-कौन से कार्य किए.

निशांत कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों तक दवाएं और स्वास्थ्य सेवाएं सही तरीके से पहुंचें. उन्होंने कहा कि कैमरों और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए अस्पतालों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी. स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि वह स्वयं इस पूरी व्यवस्था की निगरानी करेंगे, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे.

उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिला अस्पतालों को चरणबद्ध तरीके से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा. वहीं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को स्पेशियलिटी अस्पताल में बदला जाएगा. इसके अलावा बिहार के पांच जोन में 11 लेवल-3 और पांच लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर विकसित किए जा रहे हैं. पटना के एलएनजेपी अस्पताल में 400 बेड का नया अस्पताल भी बनाया जाएगा.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments