लाइव सिटीज, पटना: बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी TRE-4.0 की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित कर दिया है। पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक अभ्यर्थियों को 1 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन का मौका मिलना था, लेकिन अब तय तारीख से आवेदन शुरू नहीं होगा
TRE-4.0 के जरिए बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रस्तावित है। BPSC की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक इस भर्ती अभियान में 32,388 पद शामिल किए गए थे। भर्ती का नोटिफिकेशन 18 अगस्त को जारी हुआ था और उस समय 1 सितंबर से आवेदन शुरू करने की जानकारी दी गई थी।ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन आवेदन शुरू होने से ठीक एक दिन पहले आयोग की ओर से प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।
BPSC की सूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण फिलहाल टाला गया है। आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि आवेदन की नई तारीख बाद में जारी की जाएगी। यानी अभ्यर्थियों को अभी नई समय-सारिणी का इंतजार करना होगा। आपको बता दें कि TRE-4 भर्ती रद्द नहीं की गई है। फिलहाल केवल ऑनलाइन आवेदन शुरू करने की तय प्रक्रिया को स्थगित किया गया है। इसलिए अभ्यर्थियों को भर्ती को लेकर किसी तरह की अफवाह पर भरोसा करने के बजाय BPSC की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना चाहिए।
फिलहाल BPSC ने आवेदन की नई तारीख घोषित नहीं की है। आयोग की ओर से कहा गया है कि प्रक्रियात्मक बदलाव के बाद नई तिथि की जानकारी जारी की जाएगी। इसलिए उम्मीदवारों को BPSC के आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखनी चाहिए।
