लाइव सिटीज, पटना: बिहार पुलिस में दारोगा बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग यानी बीपीएसएससी ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित बिहार पुलिस अवर निरीक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की मुख्य लिखित परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है. आयोग ने सफल अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है
आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 1979 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता परीक्षा में 10759 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी पेट (फिजिकल एलिजिबिलिटी टेस्ट) के लिए सफल घोषित किया गया है. मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी शारीरिक दक्षता परीक्षाओं से गुजरना होगा. पेट में सफल होने वाले उम्मीदवार ही अंतिम मेरिट की दौड़ में बने रहेंगे.
मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से जल्द ही पेट का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा. शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र और तिथि संबंधी सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी. रिजल्ट bpssc.bih.gov.in पर जाकर देखा जा सकता है. मुख्य लिखित परीक्षा में 35857 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.
