लाइव सिटीज, पटना: बिहार में शराबबंदी कानून को लेकर सरकार ने अपना रुख एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है। मद्य निषेध मंत्री मदन सहनी ने कहा है कि राज्य में शराबबंदी कानून में फिलहाल किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि बिहार में शराबबंदी लागू है और आगे भी जारी रहेगी।
सरकार ने अब शराब की अवैध सप्लाई पर कार्रवाई का दायरा बढ़ाने की बात कही है। मंत्री के मुताबिक, यदि किसी दूसरे राज्य की शराब बिहार में पकड़ी जाती है, तो केवल उसे लाने या बेचने वालों के खिलाफ ही कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि संबंधित शराब कंपनी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। कंपनी के जिम्मेदार लोगों पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
मदन सहनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने जिस उद्देश्य से बिहार में शराबबंदी लागू की थी, उसमें सरकार काफी हद तक सफल रही है। खासकर दलित, अति पिछड़ा और पिछड़ा वर्ग के परिवारों में शराबबंदी के कारण परिस्थितियों में बदलाव आया है। शराब पर खर्च होने वाली कमाई अब परिवार की दूसरी जरूरतों में इस्तेमाल हो रही है।
मदन सहनी ने शराबबंदी के मामले को लेकर एक महत्वपूर्ण बदलाव की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से बिहार की सीमा पार कर आने वाली विदेशी शराब लगातार पकड़ी जा रही है। अब जिस कंपनी की विदेशी शराब बिहार में पकड़ी जाएगी, उस कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि विभाग ने पिछले महीने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई की शुरुआत भी हो चुकी है।पटना में एक ट्रक से विदेशी शराब पकड़े जाने के मामले में संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। मंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर कंपनी के मालिक को भी बिहार लाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
