लाइव सिटीज, पटना: बीजेपी प्रत्याशी अभिषेक कुमार ‘बंटी’ द्वारा नाम वापस लिए जाने के बाद पार्टी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया है.बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे. 13 तारीख ही नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है. नामांकन पत्रों की जांच 14 जुलाई को होगी. जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. नीरज कुमार सिन्हा सुबह 11 बजे पटना समाहरणालय में नामांकन करेंगे.
नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े रहे हैं. उन्होंने वर्ष 2006 में बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की थी. वह नरेंद्र भारती मंडल के बूथ अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं.
वर्तमान में भी वह नरेंद्र भारती मंडल के मंडल अध्यक्ष हैं. उनके चाचा नरेंद्र भारती जनसंघ काल के कार्यकर्ता थे. उनका निधन वर्ष 1984 में हुआ था. उनके निधन के बाद ही संबंधित मंडल का नाम नरेंद्र भारती मंडल रखा गया.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है. विधायक पद से इस्तीफा दिया था. अभिषेक कुमार ने 9 जुलाई को नामांकन दाखिल किया था. हालांकि उन्होंने नामांकन वापस ले लिया है. पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव मैदान छोड़ने का फैसला किया है.
