लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. सोमवार (28 सितंबर, 2026) को उन्होंने अपना इस्तीफा पत्र सौंपा. वे बीजेपी कोटे से विधान परिषद के सभापति थे. अब चर्चा है कि यह पद जेडीयू के पास चला गया है. विधान परिषद का अगला सभापति जेडीयू कोटे से होगा.
अवेधश नारायण सिंह के इस्तीफे के बाद सबसे अधिक चर्चा इस बात की हो रही है कि अब जेडीयू से अगर अगला सभापति होगा तो वो कौन होगा? किसके नाम की चर्चा है? इसको लेकर ऐसी खबर है कि जेडीयू एमएलसी और विधान परिषद के उपसभापति रामबचन राय को अगला सभापति बनाया जा सकता है.
अवधेश नारायण सिंह ने अपने इस्तीफे वाले पत्र में लिखा है, “आज मैंने बिहार विधान परिषद के सभापति पद से त्याग-पत्र दे दिया. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में मैंने अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था. पार्टी संगठन के कई पदों पर काम करते हुए मैंने संगठन के विस्तार में अपनी सक्रिय भूमिका निभाया है. एनडीए गठबंधन के संगठन एवं सरकार के सभी नेताओं का आभारी हूं.”
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का भी आभार जताया. कहा कि एनडीए गठबंधन सरकार में मुझे चार बार विधान परिषद का सभापति होने का गौरव प्राप्त हुआ. इस दायित्व के निर्वहन में नीतीश कुमार का पूरा स्नेह एवं सहयोग मिला. उन्होंनें वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया है.
अवधेश नारायण ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि 33 साल से वे विधान परिषद के सदस्य हैं. उन्होंने कहा कि अब भी सदस्य के रूप में सदन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे. अंत में कहा, “सदन के भीतर सभापति के रूप में मुझे अपने माननीय सदस्यों का जो स्नेह-सहयोग मिला है, उसके लिए सबको धन्यवाद देता हूं.”
