लाइव सिटीज, भोजपुर: बिहार के भोजपुर में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी को 67 दिन बीत चुके हैं। इस बीच भोजपुरी गायक और एमएलसी पवन सिंह सोमवार (24 अगस्त) को भरत तिवारी के पैतृक गांव बिलौती पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की।पवन सिंह ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। उन्होंने भरत तिवारी के परिजनों को न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस बीच पवन सिंह ने भरत तिवारी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की, परिवार के सदस्यों से मुलाकात की, समर्थन का आश्वासन दिया और भरत की स्मृति में एक देशभक्ति गीत जारी करने की योजना की घोषणा की। इस दौरान भरत की भतीजी खुशी ने एमएलसी पवन सिंह को राखी बांधी।
पवन सिंह ने भरत तिवारी की भतीजी खुशी को राखी बांधने पर 51 हजार रुपये तोहफे में दिए हैं। वहीं खुशी ने भी चाचा की मौत पर पवन सिंह से न्याय की मांग की है। पवन सिंह ने भरत तिवारी की मां के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। परिवार के लोगों ने पवन सिंह को पूरी घटना के बारे में विस्तार से जानकारी दी है।
बीजेपी एमएलसी पवन सिंह ने भरत तिवारी की मां से हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने जरूरत पड़ने पर फोन करने की भी बात कही है। इस मुलाकात के बाद पवन सिंह ने भरत तिवारी पर गाना रिलीज करने का भी वादा किया है।
