लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के गायघाट विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की त्रासदी के बीच जदयू विधायिका कोमल सिंह को उस वक्त लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा, जब वह बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने अपने क्षेत्र में पहुंचीं। बागमती नदी के बढ़े जलस्तर ने इलाके में तबाही का मंजर पैदा कर रखा है। कई गांवों में पानी घुसने से आम जिंदगी बेहाल है, वहीं ग्रामीण सड़कों के टूट जाने से लोगों की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।
लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि जब इलाके की जनता कई दिनों से सैलाब की मार झेल रही थी, तब उनकी सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी लंबी मुद्दत के बाद विधायिका को आम लोगों से मिलने की फुर्सत क्यों मिली।
बाढ़ के पानी ने ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई संपर्क सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे जरूरतमंद लोगों को अस्पताल, बाजार और दूसरे इलाकों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। ऐसे हालात में राहत और मदद की उम्मीद लगाए बैठे लोगों का गुस्सा जनप्रतिनिधि के दौरे के दौरान खुलकर सामने आया।
