HomeBiharगांधी मैदान में 90 फीट के रावण का दहन, जय श्रीराम के...

गांधी मैदान में 90 फीट के रावण का दहन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पटना

लाइव सिटीज, पटना: पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विजयादशमी के मौके पर 71वें रामलीला महोत्सव सह रावण वध का भव्य आयोजन किया गया। दशहरा कमिटी ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश दिया गया। रावण वध देखने के लिए गांधी मैदान में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। भगवान श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से पूरा मैदान गूंज उठा।

पटना के गांधी मैदान में दशहरे का उत्साह देखते ही बना। इस मौके पर 90 फीट ऊंचे रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता रथ पर सवार होकर गांधी मैदान पहुंचे। वहीं, हनुमान और वानर सेना ने भी अपने पारंपरिक अंदाज में लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस दौरान सोने की लंका का दहन भी किया गया। आग की लपटों से लंका धू-धूकर जल उठी। इस दौरान दर्शकों ने जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारे लगाए। पूरा गांधी मैदान भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

71वें साल आयोजित इस भव्य रावण वध कार्यक्रम में नागालैंड के राज्यपाल नंदकिशोर यादव, बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने रावण दहन और लंका दहन का नजारा देखा। गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश एक बार फिर लोगों तक पहुंचा। बता दें कि दशहरा कमिटी रावण वध और लंका दहन कार्यक्रम का आयोजन करती है। 71वें साल आयोजित इस कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग गांधी मैदान पहुंचे थे। 



RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home