HomeBiharगया में दरोगा के दोनों बेटों को मारी गोली, छोटे की मौत,...

गया में दरोगा के दोनों बेटों को मारी गोली, छोटे की मौत, बड़े बेटे की हालत नाजुक

लाइव सिटीज, गया: गया जिले के मानपुर में दुर्गा पूजा के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास बदमाशों ने मोतिहारी में तैनात दारोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी। घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गोलीबारी की यह घटना गया जिले के मानपुर क्षेत्र में सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट हुई। दोनों भाइयों के मूल निवास की बात करें तो वे अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव के रहने वाले थे। उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से मानपुर के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में रह रहा है।

परिजनों के मुताबिक, मोहल्ले से कुछ दूरी पर किसी व्यक्ति के साथ विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों भाइयों को फोन करके वहां बुलाया गया। जब वे मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में रानू सिंह और मोनू सिंह दोनों घायल हो गए। छोटे भाई रानू की मौत हो गई, जबकि मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं। जांच में गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home