लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और शाम की ठंड अब लोगों को ज्यादा महसूस होने लगी है. लेकिन पछुआ हवा की रफ्तार अभी तेज नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल कंपकंपाने वाली ठंड से राहत है. लेकिन तापमान में आ रही गिरावट ने संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में सर्दी अपना असर दिखाने वाली है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के 10 जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.
शनिवार को अरवल में न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. इसके साथ ही यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान बन गया. औरंगाबाद में भी पारा 0.9 डिग्री लुढ़ककर 10.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. गया में 1.2 डिग्री की गिरावट के बाद न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री दर्ज किया गया.
इसके अलावा डेहरी में 11.5 डिग्री, जीरादेई में 11.6 डिग्री, नालंदा में 12.3 डिग्री, अगवानपुर में 12.7 डिग्री और समस्तीपुर में 13 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा. राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि मुजफ्फरपुर में 15.3 डिग्री, भागलपुर में 15.2 डिग्री, पूर्णिया में 15.5 डिग्री और सुपौल में 15.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
बिहार में तापमान गिरने के साथ सुबह के समय कोहरे और धुंध का असर भी दिखने लगा है. गयाजी और पूर्णिया में सबसे कम विजिबिलिटी 800 मीटर दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, सुबह राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है. लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है.
