लाइव सिटीज, पटना: बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना के श्रीकृष्णापुरी इलाके के एक रिजॉर्ट में चल रही बर्थडे पार्टी से 10 लोगों के साथ एक महिला डांसर को भी शराब के नशे में गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पार्टी में शराब और हथियारों के साथ कुछ लोगों को पहुंचने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे रिजॉर्ट की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर 10 लोग शराब के नशे में पाए गए।
वहीँ, छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से अलग-अलग ब्रांड की शराब की चार बोतलें और दो हथियार बरामद मिले। हालांकि, पुलिस के मुताबिक, हथियारों के लाइसेंस का सत्यापन कराया गया, जो वैध पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार रिजॉर्ट में राजू नाम के युवक का जन्मदिन मनाया जा रहा था। उसी ने पार्टी आयोजित कर लोगों को आमंत्रित किया था। पार्टी में दो डांसर भी मौजूद थीं। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी को पकड़ लिया।
