लाइव सिटीज, पटना: पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के न्यू तारा चक झपटिया मंदिर के पास बुधवार सुबह बाइक सवार एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. बदमाशों ने छात्र के सिर में गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा. घटना के बाद आरोपी पैदल फरार हो गये. पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और तीन गोलियां बरामद की हैं.
मृतक की पहचान झपटिया मंदिर निवासी प्रमोद राय के 20 वर्षीय पुत्र रोशन कुमार उर्फ किट्टू के रूप में हुई है. वह सर गणेशदत्त मेमोरियल कॉलेज में पढ़ाई करता था. गोली लगने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के चाचा सुबोध कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे रोशन अपने भाई बिट्टू से बाइक की चाबी लेकर घर से निकला था. घर से थोड़ी दूरी पर ही बदमाशों ने उसे गोली मार दी. गोली लगने के बाद वह गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़ा.
सुबोध कुमार के अनुसार, एक युवक ने सूचना दी कि रोशन को गोली मार दी गयी है और बदमाश पैदल भाग गये हैं. सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. वहां रोशन खून से लथपथ पड़ा था. उसे आनन-फानन में सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बाद में परिजन शव को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे.
