HomeBiharबिहार की हवा 'जहरीली'! कई शहरों में AQI 400 के पार, सेहत...

बिहार की हवा ‘जहरीली’! कई शहरों में AQI 400 के पार, सेहत पर पड़ सकता है गंभीर असर

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है. दीपावली और लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हो चुका है लेकिन इसके बावजूद राज्य की हवा की गुणवत्ता में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा है. त्योहारों के दौरान बढ़ते प्रदूषण के लिए पटाखों, भीड़भाड़ और वाहनों की आवाजाही को जिम्मेदार माना जा रहा था.

बिहार के कई शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI खतरनाक स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ने की आशंका है. 18 नवंबर 2026 की सुबह उपलब्ध वायु गुणवत्ता निगरानी के आंकड़ों के अनुसार बिहार के कई शहरों की स्थिति बेहद खराब है. सहरसा में AQI 429 और मुजफ्फरपुर में 428 दर्ज किया गया है.

वहीं भागलपुर में AQI 400 के आसपास बना हुआ है. मुंगेर में यह आंकड़ा 397 तक पहुंच गया है. राजधानी पटना के कुछ मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 315 तक दर्ज किया गया है. हालांकि पटना का औसत AQI करीब 213 से 227 के बीच बताया जा रहा है. अलग-अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों में अंतर जरूर है लेकिन प्रदूषण की गंभीरता को लेकर चिंता बनी हुई है.

अन्य शहरों की बात करें तो अररिया में AQI 288, दरभंगा में 275, आरा में 266 और हाजीपुर में 259 दर्ज किया गया है. वहीं गया में AQI 197 के आसपास है. आंकड़े बताते हैं कि प्रदूषण का संकट सिर्फ राजधानी पटना तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक इसका असर दिखाई दे रहा है. कई शहरों में हवा की गुणवत्ता खराब से लेकर गंभीर श्रेणी तक पहुंच चुकी है.

राजधानी पटना में भी प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है. शहर के अलग-अलग इलाकों में AQI के आंकड़ों में अंतर देखने को मिल रहा है. राजवंशी नगर जैसे मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 315 तक दर्ज किया गया है. वहीं पटना का औसत स्तर 220 के आसपास बना हुआ है. हवा में PM2.5 का स्तर करीब 140 से 151.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और PM10 का स्तर 146 से 164.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के आसपास बताया जा रहा है.ये आंकड़े सामान्य वायु गुणवत्ता मानकों से काफी अधिक हैं. खासकर PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय हैं, क्योंकि ये सांस के जरिए फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home