लाइव सिटीज, दरभंगा: दरभंगा में भीषण सड़क हादसे में तीन किशोर की दर्दनाक मौत हो गयी. चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया है. जिसका इलाज किया जा रहा है. घटना जिले के मब्बी थाना क्षेत्र के बाजार समिति-27 के पास हुई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
मृतक के चाचा मो. अकील ने बताया कि, मृतक और घायल चारों युवक दरभंगा शहर के बाकरगंज स्थित मोमिन टोला, वार्ड संख्या 39 के रहने वाले थे. मोहल्ले की एक मस्जिद में धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था. बताया जाता है कि चारों दोस्त रात करीब तीन बजे अपने-अपने घरों से निकले थे. परिजनों को उन्होंने मस्जिद में नमाज पढ़ने जाने की बात बताई थी.
इस हादसे में 15 वर्षीय फारिश, 15 वर्षीय मोहम्मद इस्तेखार और 16 वर्षीय अल्ताफ नियाज की मौत हो गई है. वहीं, 16 वर्षीय मोहम्मद तल्फ गंभीर रूप से घायल है. उसे दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजनों के मुताबिक, घायल किशोर कोमा में है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
मृतक के चाचा मो. अकील ने बताया कि, चारो मोमिन टोला के रहने वाले हैं. घर में किसी को जानकारी नहीं थी कि बच्चा कहां गया है. अब कैसे कहां घटना हुई, किसी को जानकारी नहीं है. घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
