लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।मधुबनी जाने के क्रम में दरभंगा एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने सरकार को पूरी तरह विफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि पुलिस अब रक्षक की जगह भक्षक बन गई है।
तेजस्वी यादव ने मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में एएसआई की फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत के मामले का जिक्र किया।उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए रोशन यादव केस में कार्रवाई न होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य की जनता अब खुद अपनी सुरक्षा करने को मजबूर है।
नेता प्रतिपक्ष ने एनडीए की ओर से निकाली जा रही पदयात्रा को लेकर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह यात्रा सिर्फ वोट चोरों को बचाने की एक सोची-समझी कोशिश है।इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए संरक्षण देने की बात कही।
