HomeBiharबीजेपी के पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन, अंतिम दर्शन के...

बीजेपी के पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा का निधन, अंतिम दर्शन के लिए पटना लाया जाएगा शव

लाइव सिटीज, पटना: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और देश के जाने-माने उद्योगपति डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का शुक्रवार, 30 अक्टूबर को निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह 75 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर से बिहार के राजनीतिक गलियारों से लेकर कारोबारी जगत तक शोक की लहर दौड़ गई है। भाजपा ने एक ऐसे वरिष्ठ नेता को खो दिया है, जो पार्टी के शुरुआती दौर से संगठन से जुड़े रहे थे

डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा को राजनीति में आरके सिन्हा के नाम से जाना जाता था। उनका जुड़ाव जनसंघ के समय से ही रहा था। उनकी आधिकारिक जीवनी के मुताबिक, वर्ष 1966 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने उन्हें जनसंघ से जोड़ा था। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वह भाजपा के संस्थापक सदस्यों में गिने जाते थे। पार्टी में उन्होंने अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालीं और बिहार की राजनीति में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। वर्ष 2014 में भाजपा ने उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजा था। वह 2014 से 2020 तक राज्यसभा के सदस्य रहे।

राजनीति और कारोबार में अपनी पहचान बनाने वाले आरके सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। पत्रकार के रूप में उन्होंने देश के कई महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को करीब से देखा। इसके बाद उन्होंने सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई

उनकी पहचान केवल एक राजनेता के रूप में नहीं थी, बल्कि वह एक विचारक, लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर भी जाने जाते थे। जनसंघ के दौर से भाजपा तक का उनका राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा।

आरके सिन्हा की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (SIS) ग्रुप की स्थापना थी। उन्होंने वर्ष 1974 में महज दो लोगों की टीम और एक छोटे से किराये के कार्यालय से इस कंपनी की शुरुआत की थी।

भारत-पाकिस्तान युद्ध के बाद पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र में काम करने के लिए प्रेरित किया। इसी उद्देश्य से उन्होंने सुरक्षा सेवाओं के कारोबार की नींव रखी

धीरे-धीरे SIS ग्रुप ने देश के सुरक्षा और मैनपावर सर्विसेज क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना ली। उनके नेतृत्व में कंपनी का विस्तार भारत के अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक हुआ। आज SIS ग्रुप सुरक्षा सेवाओं और बिजनेस सपोर्ट के क्षेत्र में एक प्रमुख नाम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home