लाइव सिटीज वैशाली: जिले में जमीन और मकान के विवाद में बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना करताहा थाना क्षेत्र के धनुषी गांव की है. मृतक की पहचान सोमनाथ सिंह के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी बड़ा भाई सुरेश प्रसाद सिंह सेना का पूर्व जवान बताया जा रहा है. वारदात के बाद आरोपी पिस्टल लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) शुभांक मिश्रा के कार्यालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है.
सुरेश सिंह और सोमनाथ सिंह एक ही मकान में रहते थे, जबकि उनका तीसरा भाई कृष्णा सिंह अलग मकान बनाकर रहता है. सुरेश और सोमनाथ के बीच जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव में कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन दोनों भाइयों के बीच सहमति नहीं बन सकी.
बताया जा रहा है कि इसी पुराने विवाद के चलते दोनों के बीच तनाव बना हुआ था. शुक्रवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी में सोमनाथ सिंह की जान चली गई. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
घटना की सूचना मिलने पर सदर SDPO-2 गोपाल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. करताहा थाने की पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से पांच खोखे बरामद किए गए हैं. वहीं, मृतक के शरीर पर दो जख्म के निशान मिले हैं.
गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी सुरेश प्रसाद सिंह पिस्टल लेकर SSP शुभांक मिश्रा के कार्यालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद करताहा थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी की पत्नी को भी गिरफ्तार किया है. हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
