HomeBiharबिहार में इंजीनियर के ठिकानों पर छापा, आय से 88% ज्यादा संपत्ति...

बिहार में इंजीनियर के ठिकानों पर छापा, आय से 88% ज्यादा संपत्ति का आरोप; लाखों का कैश बरामद

लाइव सिटीज, पटना : बिहार के ग्रामीण कार्य विभाग में तैनात कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने कार्रवाई की है। ब्यूरो ने पटना, कटिहार और सारण में उनके आवास और कार्यालय समेत 3 ठिकानों पर तलाशी ली। जांच एजेंसी के मुताबिक, इंजीनियर चंद्रशेखर सिंह, उनकी पत्नी श्वेता कुमारी और परिजनों के नाम पर ऐसी संपत्तियां मिली हैं, जिनका कुल मूल्य उनकी ज्ञात आय से करीब 88 फीसदी अधिक है

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ 1,10,96,883 रुपये यानी करीब 1.11 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान आरोपी, उनकी पत्नी और परिजनों के नाम पर कुल 14 अचल संपत्तियां मिली हैं। इनकी कुल कीमत 1,79,41,883 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पांच चल संपत्तियों का मूल्य 16,55,000 रुपये बताया गया है।

ब्यूरो के अनुसार, तलाशी के दौरान 5 लाख 70 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं, जिनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। जांच टीम को बैंक में निवेश, शेयर और जीवन बीमा निगम (LIC) में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। एजेंसी इन दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि संपत्ति और निवेश के स्रोत का पता लगाया जा सके।

जांच एजेंसी के मुताबिक, सिलीगुड़ी के महंगे व्यावसायिक इलाके में साल 2021 के दौरान जमीन खरीदने से जुड़े 10 दस्तावेज मिले हैं। इनके अनुसार, कुल 92 डिसमिल जमीन आरोपी की पत्नी श्वेता कुमारी के नाम पर खरीदी गई थी। ब्यूरो का आरोप है कि इस जमीन का उल्लेख चंद्रशेखर सिंह ने अपने वार्षिक संपत्ति विवरण में नहीं किया था। जमीन खरीदने के समय वह ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता के पद पर फारबिसगंज में तैनात थे।

तलाशी के दौरान पटना में तीन बेडरूम, हॉल और किचन (3 BHK) वाला फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई है। इसके अलावा कटिहार स्थित पैतृक आवास में दो बेडरूम, हॉल और किचन (2 BHK) वाला फ्लैट मिला है। जांच एजेंसी को संपत्ति से जुड़े अन्य दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। ब्यूरो यह पता लगाने में जुटा है कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए धन कहां से आया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home