लाइव सिटीज, आरा: आरा शहर में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई. उपेंद्र कुमार सिंह बच्चे को स्कूल छोड़कर दुकान खोलने जा रहे थे. तभी रास्ते में तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. अपाचे बाइक पर सवार बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घटना नवादा थाना इलाके के बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के पास की है.
मृतक की पहचान 35 वर्षीय उपेंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है. वह संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव के रहने वाले स्वर्गीय बैजनाथ यादव के पुत्र थे. फिलहाल वह नवादा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 44 स्थित गोढ़ना रोड में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे.
उपेंद्र कुमार सिंह बैजू चौक के पास बैजू हार्डवेयर नाम से दुकान चलाते थे. घटना के दिन वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद दुकान खोलने के लिए निकले थे. इसी दौरान बिहारी मिल स्थित सूर्य मंदिर के पास अपाचे बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने उन पर गोली चला दी. सिर में गोली लगने से उनकी मौत हो गई.
उपेंद्र कुमार सिंह अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. उनके छोटे भाई सतेन्द्र कुमार सिंह भारतीय सेना में हैं. करीब एक साल पहले बीमारी के कारण उनके पिता बैजनाथ यादव का निधन हो गया था. अब उपेंद्र की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद परिवार के सदस्यों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है.
