HomeBiharबिहार में 12 साल के ब्रेव बॉय विक्की ने बचाई 4 महिलाओं...

बिहार में 12 साल के ब्रेव बॉय विक्की ने बचाई 4 महिलाओं की जान, आहर में डूबने से 2 की मौत

लाइव सिटीज, गया: गया में डूबने से दो महिलाओं की मौत हो गई. ये हादसा और बड़ा हो सकता था लेकिन 12 साल के बच्चे विक्की ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आहर में डूब रही चार महिलाओं की जान बचा ली. एक महिला को डूबता देखकर उसे बचाने के लिए एक के बाद एक पांच और महिलाएं गहरे पानी में उतर गईं.

सभी को डूबता देख विक्की ने बिना अपनी जान की परवाह किए आहर में छलांग लगा दी. उसने एक-एक कर चार महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो महिलाओं को नहीं बचाया जा सका. इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं विक्की की बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है

घटना गया जिले के टनकुप्पा प्रखंड अंतर्गत श्रीरामपुर गांव की है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव की कुछ महिलाएं आहर के पास घास काट रही थीं. इसके बाद झाड़ू बनाने के लिए कासी घास काटने के उद्देश्य से एक महिला आहर के गहरे पानी में उतर गई. इसी दौरान वह डूबने लगी. महिला को डूबता देख उसके साथ मौजूद अन्य महिलाएं भी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गईं. देखते ही देखते एक के बाद एक कुल छह महिलाएं गहरे पानी में डूबने लगीं. मौके पर चीख-पुकार मच गई.

इसी दौरान पास में मौजूद 12 वर्षीय विक्की ने महिलाओं की आवाज सुनी. वह बिना देर किए मौके पर पहुंचा. छह महिलाओं को पानी में डूबता देख उसने हिम्मत दिखाई और उन्हें बचाने के लिए आहर में छलांग लगा दी. विक्की को तैरना आता था. उसने अपनी जान की परवाह किए बिना एक-एक कर चार महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.इस बीच गांव के अन्य लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य में जुट गए. हालांकि, दो महिलाएं गहरे पानी में डूब चुकी थीं. ग्रामीणों की मदद से उन्हें भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments