लाइव सिटीज, जहानाबाद: जहानाबाद के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कचनामा गांव में रविवार देर रात वार्ड सदस्य के पति कमलेश कुमार (32) की चाकू और रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। बेटे ने उन्हें खून से लथपथ पाया। घटना के बाद ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर कचनामा पुल के पास सागरपुर-मखदुमपुर सड़क करीब पांच घंटे तक जाम कर दी। इसके बाद ग्रामीण पैदल मखदुमपुर पहुंचे और प्लेया के पास एनएच-22 को भी करीब एक घंटे तक जाम किया।
सूचना मिलने पर एसडीपीओ-2 कीर्ति कमल समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटवाया। ग्रामीण एसपी को बुलाने की मांग पर भी अड़े रहे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कमलेश कुमार घर के निचले कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी सह वार्ड सदस्य कंचन सिंह और बच्चा छत पर बने कमरे में सो रहे थे। सोमवार सुबह बच्चा अपने पिता को जगाने नीचे गया तो कमलेश को खून से लथपथ पाया।
हत्या के कारणों को लेकर अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ लोग घटना को बालू कारोबार से जोड़ रहे हैं, जबकि कुछ प्रेम प्रसंग की बात कह रहे हैं। इसी बीच मृतक की कथित प्रेमिका ने अपने पति पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
एसडीपीओ-2 कीर्ति कमल ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जो भी अभियुक्त होंगे, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल सड़क जाम हटा लिया गया है।
