लाइव सिटीज, भोजपुर: भोजपुर में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव में सोमवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. युवक को बेहद करीब से सीने के बीचों-बीच गोली मारी गई है. गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई
घटना के बाद नीमा गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव निवासी शत्रुघ्न कुमार (उम्र- 22 वर्ष, पिता- धनंजय सिंह उर्फ संतोष सिंह) के रूप में हुई है. वह बीए का छात्र था.
मृतक के दादा कृष्णा सिंह ने बताया कि शत्रुघ्न सोमवार की शाम घर से करीब 500 मीटर दूर बड़ी नहर के समीप बैठा हुआ था. इसी दौरान गांव के ही दो युवक हथियार लेकर वहां पहुंचे. दोनों युवकों की शत्रुघ्न से किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी. शत्रुघ्न ने जब इसका विरोध किया तो एक युवक ने शत्रुघ्न के सीने में गोली मार दी.
गोली लगने के बाद शत्रुघ्न गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए. परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल आरा ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. परिजनों के मुताबिक आरोपियों के साथ शत्रुघ्न का सोमवार दोपहर में भी विवाद हुआ था, हालांकि विवाद किस बात को लेकर हुआ था. इसकी जानकारी स्पष्ट सामने नहीं आई है.
पुलिस घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है. इधर युवक की हत्या के बाद उसके घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पत्नी और मां के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया.
