HomeBiharविसर्जन यात्रा में जा रहे ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, 2...

विसर्जन यात्रा में जा रहे ट्रैक्टर को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 युवकों की मौत… गुस्साई भीड़ ने लगा दी आग

लाइव सिटीज, रोहतास: रोहतास के अमझोर थाना क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे ट्रैक्टर को ट्रक ने टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने ट्रक में आग लगा दी. ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया.

घटना सासाराम के अमझोर थाना क्षेत्र के रमडिहरा गांव की है. गांव में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई थी. पूजा के बाद 19 सितंबर को गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर रखकर विसर्जन के लिए निकले थे. ट्रैक्टर पर कई युवक सवार थे और सभी सोन नदी की तरफ जा रहे थे. लेकिन रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर अचानक ट्रक से उनकी टक्कर हो गई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार कई युवक घायल हो गए. हादसे में आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी नाम के युवकों की मौत हो गई. टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया.

हादसे के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया. आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी. देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा. ट्रक पर गिट्टी लदी हुई थी. हादसे के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया. अभी तक पुलिस की ओर से ड्राइवर की गिरफ्तारी की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments